25 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त, ₹6300 का जुर्माना वसूला।
राजकुमार भगत
पाकुड़। नगर परिषद पाकुड़ द्वारा सिंगल यूज़ प्लास्टिक के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया गया। कार्यपालक पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार चौधरी के निर्देश पर नगर मिशन प्रबंधक मनीष मिश्रा के नेतृत्व में नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत बाजार समिति एवं हटिया बाजार में विशेष जांच अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान दुकानों और ठेलों की गहन जांच की गई, जिसमें प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक का खुलेआम उपयोग पाया गया। कार्रवाई करते हुए लगभग 25 किलोग्राम सिंगल यूज़ प्लास्टिक जब्त किया गया तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों से ₹6300 का जुर्माना वसूला गया। इस अभियान में राजस्व निरीक्षक, कनीय अभियंता, विधि सहायक सहित नगर परिषद के अन्य कर्मी मौजूद थे। नगर परिषद ने दुकानदारों एवं आम नागरिकों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है और इसका उल्लंघन करने पर आगे और कठोर कार्रवाई की जाएगी। नगर परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि वे पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें और प्लास्टिक के स्थान पर वैकल्पिक सामग्री का उपयोग करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।










