Search

January 25, 2026 12:45 pm

झारखंड स्थापना दिवस को भव्य बनाने की तैयारी, अमड़ापाड़ा में झामुमो प्रखंड समिति की बैठक

दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि के साथ दुमका पहुंचने का आह्वान

अमड़ापाड़ा। झारखंड स्थापना दिवस को भव्य और ऐतिहासिक बनाने को लेकर अमड़ापाड़ा प्रखंड के जराकी पंचायत अंतर्गत छोटा पहाड़पुर स्थित झामुमो प्रखंड कार्यालय में प्रखंड समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष श्यामलाल हांसदा ने की। इसमें लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू और युवा नेता सह केंद्रीय समिति सदस्य विकास मुर्मू विशेष रूप से शामिल हुए।
बैठक की शुरुआत राज्य निर्माता दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। विधायक हेमलाल मुर्मू सहित सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने गुरुजी को नमन किया। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि झारखंड आंदोलन और राज्य स्थापना में गुरुजी का योगदान अविस्मरणीय है। झारखंड स्थापना दिवस पर दुमका के गांधी मैदान पहुंचकर हजारों कार्यकर्ताओं की भागीदारी ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने सभी पंचायत पदाधिकारियों को गांव-गांव दीवार लेखन, तोरण द्वार निर्माण और जनसंपर्क अभियान तेज करने का निर्देश दिया। युवा नेता विकास मुर्मू ने कहा कि इस बार झारखंड स्थापना दिवस ऐतिहासिक होगा। लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे जिले से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दुमका पहुंचेंगे। गुरुजी भले ही हमारे बीच न हों, लेकिन उनके विचार और संघर्ष की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए पार्टी पूरी मजबूती से मैदान में उतरेगी। प्रखंड अध्यक्ष श्यामलाल हांसदा और प्रखंड सचिव जहीरुद्दीन मियां ने कहा कि अमड़ापाड़ा प्रखंड हर वर्ष स्थापना दिवस पर मजबूत भागीदारी करता रहा है और इस बार पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए दुमका पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। बैठक में युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा, किसान मोर्चा, बुद्धिजीवी मोर्चा सहित विभिन्न पंचायतों के अध्यक्ष-सचिव और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

img 20260124 wa00139100048515638530786
img 20260124 wa00125271113893617160163

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर