लिट्टीपाड़ा में हुआ जोरदार स्वागत, सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान।
लिट्टीपाड़ा। संथाल परगना प्रवास के दौरान शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष एवं झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी लिट्टीपाड़ा पहुंचे। उनके आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बना। कार्यकर्ताओं के साथ संवाद में मरांडी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रमों में कार्यकर्ता बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और सेवा गतिविधियों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाएं।
उन्होंने संगठनात्मक मजबूती को लेकर कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने, जनता से सीधा संवाद कायम रखने और आगामी कार्यक्रमों को पूरी तत्परता से संपन्न कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए जमीनी स्तर पर निरंतर सक्रिय रहना जरूरी है। इससे पहले भाजपा नेता साहेब हांसदा, पूर्व जिलाध्यक्ष अमृत पांडेय, मंडल अध्यक्ष बाणेश्वर सोरेन, धनेश्वर सोरेन, आशीष हेंब्रम, सुकुमार मंडल, पूर्व जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र त्रिवेदी, गणेश मंडल, दयाल साहा, भूजल मंडल और मितंजय मंडल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्र भेंटकर उनका स्वागत किया।






