Search

August 9, 2026 12:16 am

गुरु रविदास कलश यात्रा का भव्य स्वागत, समरसता का दिया संदेश।

राजकुमार भगत

पाकुड़। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित कलश वंदन अभियान के तहत काशी के सीर गोवर्धन धाम से पवित्र मिट्टी लेकर निकली पवित्र कलश यात्रा का बुधवार को पाकुड़ पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया। इस दौरान “जय गुरु रविदास” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दुर्गा मरांडी, जिला महामंत्री रूपेश भगत, जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय, कामेश्वर दास, पार्वती देवी सहित अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित कर पवित्र कलश का अभिनंदन किया। इस अवसर पर गुरु रविदास जी के समरसता, समानता, मानवता और सामाजिक सौहार्द के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू ने कहा कि गुरु रविदास जी के विचार आज भी समाज को जाति और भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। वहीं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दुर्गा मरांडी ने कहा कि यह कलश यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का भी सशक्त संदेश है। जिला महामंत्री रूपेश भगत ने बताया कि काशी से लाई गई पवित्र मिट्टी से सुशोभित कलश को आगामी दिनों तक राजापाड़ा स्थित मां नित्य काली मंदिर में दर्शन एवं पूजन के लिए स्थापित किया जाएगा, जहां श्रद्धालु दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त कर सकेंगे। रांची से पवित्र कलश लेकर आई समिति में साधन ठाकुर, मीरा प्रवीण सिंह, प्राची चौधरी, सुनील पहाड़िया सहित अन्य सदस्य शामिल थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!