Search

July 13, 2026 11:45 am

अमड़ापाड़ा स्कूल से लापता दो नाबालिग छात्राएं नेल्लौर से सकुशल बरामद।

एसपी के नेतृत्व में गठित एसआईटी को बड़ी कामयाबी

पाकुड़ | जिले के अमड़ापाड़ा उच्च विद्यालय से कथित रूप से बहला-फुसलाकर ले जाई गईं दो नाबालिग छात्राओं के मामले में पाकुड़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसपी निधि द्विवेदी के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम (SIT) और तकनीकी सेल की मदद से गुरुवार को दोनों छात्राओं को आरोपी के साथ आंध्रप्रदेश के नेल्लौर रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया गया। इससे पहले घटना के 36 घंटे बाद तक छात्राओं का कोई सुराग नहीं मिलने से आक्रोशित ग्रामीणों ने राज +2 उच्च विद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीण छात्राओं की अविलंब बरामदगी की मांग पर अड़े थे। सूचना मिलते ही महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार, अमड़ापाड़ा पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी मदन कुमार शर्मा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। एसडीपीओ विजय कुमार द्वारा 24 से 48 घंटे के भीतर दोनों छात्राओं और दूसरे नाबालिग आरोपी की सुरक्षित बरामदगी का लिखित आश्वासन देने के बाद लगभग आधे घंटे से बंद ताले को खोला गया। इस दौरान विद्यालय परिसर और आसपास कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। गौरतलब है कि अमड़ापाड़ा उच्च विद्यालय से दो सगी बहनों के लापता होने का मामला सामने आया था, जिसमें एक अनुबंध शिक्षक को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही थी।

पुलिस का बयान।

एसपी निधि द्विवेदी ने बताया कि स्कूल से गायब दोनों नाबालिग छात्राओं को आंध्रप्रदेश के नेल्लौर से सकुशल बरामद कर लिया गया है। पाकुड़ पुलिस नेल्लौर पुलिस के लगातार संपर्क में है और छात्राओं को सुरक्षित वापस लाने के लिए पुलिस टीम नेल्लौर रवाना हो चुकी है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!