Search

February 4, 2026 8:21 pm

जन-जन के समर्थन से मेदिनीनगर का बेहतर भविष्य: मेयर प्रत्याशी मीना गुप्ता ने विकास और सुशासन का दिया संदेश

जिला संवाददाता अंकित कुमार लाल

मेदिनीनगर: मेदिनीनगर नगर निगम मेयर प्रत्याशी मीना गुप्ता ने शहरवासियों के नाम एक भावनात्मक और जनसमर्पित संदेश देते हुए कहा कि “जन-जन के समर्थन से ही मेदिनीनगर का बेहतर और उज्ज्वल भविष्य संभव है।” उन्होंने जनता से एक अवसर और सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि उन्हें सेवा का मौका मिला तो शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ाया जाएगा।
मीना गुप्ता ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि चुनाव जीतने के बाद भी मेदिनीनगर के असली मालिक शहरवासी ही रहेंगे। उन्होंने स्वयं को शहर की “चौकीदार” बताते हुए कहा कि नगर निगम की हर गतिविधि पर उनकी सतत निगरानी रहेगी और प्रशासन को पूरी तरह जवाबदेह बनाया जाएगा।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी गरीब, कमजोर या आम नागरिक के अधिकारों के साथ अन्याय या हक़मारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनका उद्देश्य एक ऐसा नगर निगम बनाना है, जो आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुने और उनका समाधान करे।
मेयर प्रत्याशी ने अपने संकल्पों को साझा करते हुए कहा कि उनका लक्ष्य स्वच्छ और सुंदर मेदिनीनगर, बेहतर जलापूर्ति एवं जलनिकासी व्यवस्था, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट, शहर की सुरक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन स्थापित करना है। इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच सकारात्मक प्रतिक्रिया और व्यापक समर्थन देखने को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि वे सेवा, समर्पण और जवाबदेही के सिद्धांतों पर काम करेंगी तथा नगर निगम को अधिक पारदर्शी, संवेदनशील और जनता के प्रति उत्तरदायी बनाया जाएगा।
मीना गुप्ता के इस संदेश को लेकर शहर के राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ आम नागरिकों में भी चर्चा तेज हो गई है और उनके समर्थकों में उत्साह लगातार बढ़ता नजर आ रहा है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर