Search

March 14, 2026 2:21 am

शिक्षा विभाग ने 10 सेवानिवृत्त शिक्षकों को दी सम्मानजनक विदाई, सेवानिवृत्ति के दिन ही मिले पेंशन व लाभ।

पाकुड़ | शिक्षा विभाग ने सेवानिवृत्त शिक्षकों के सम्मान में एक गरिमामयी विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय, पाकुड़ में हुआ, जहां शिक्षा जगत में वर्षों तक योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। खास बात यह रही कि सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों को उनकी सेवानिवृत्ति तिथि 31 जनवरी 2026 को ही पेंशन समेत अन्य सेवानिवृत्ति लाभ प्रदान कर दिए गए। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, जिला शिक्षा अधीक्षक नयन कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी एवं अतिरिक्त कार्यक्रम पदाधिकारी मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने शिक्षकों को सम्मानित कर भावभीनी विदाई दी और उनके सेवाकाल की सराहना की।

इन शिक्षकों को किया गया सम्मानित

सम्मानित होने वालों में श्यामल कुमार दास, सुशील हेंब्रम, तुलसी रविदास, मोहम्मद अकीमुद्दीन शेख, अब्दुल रऊफ, निर्मला मुर्मू, मुमताज बेगम, किशोरी रविदास, संजय स्वर्णकार, निरोजनी किस्कू सहित तीन पारा शिक्षक शामिल हैं। सभी को शिक्षा के क्षेत्र में उनके समर्पण, अनुशासन और दीर्घकालीन सेवा के लिए सम्मान दिया गया। अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन ने कहा कि शिक्षक समाज के बौद्धिक और नैतिक विकास की नींव होते हैं। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षकों ने अपने सेवाकाल में विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में अहम भूमिका निभाई है। उनके द्वारा दिए गए संस्कार और ज्ञान आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे। जिला शिक्षा अधीक्षक नयन कुमार ने कहा कि शिक्षकों का योगदान समाज के लिए अमूल्य है। विभाग का प्रयास है कि सेवानिवृत्त कर्मियों को समय पर पेंशन और अन्य लाभ मिलें, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षकगण और कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने सेवानिवृत्त शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और सम्मानजनक जीवन की कामना की।

img 20260201 wa00023157372691635712699
img 20260201 wa00038740380655322805005

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर