Search

June 19, 2026 6:48 pm

नगर निकाय चुनाव को लेकर जिला प्रशासन की तैयारी तेज।

डीसी मनीष कुमार ने ली सभी कोषांगों की समीक्षा, समय पर काम पूरा करने के सख्त निर्देश

पाकुड़ | नगर निकाय चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त मनीष कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी कोषांगों के नोडल व वरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में डीसी ने साफ कहा कि चुनाव से जुड़े सभी कोषांग आपसी समन्वय के साथ तय समय-सीमा में अपनी तैयारियां पूरी करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सभी नोडल अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मियों के साथ विस्तृत कार्ययोजना बनाकर काम करने का निर्देश दिया गया है।
डीसी ने उप निर्वाचन पदाधिकारी को सभी सहायक निर्वाची निबंधन पदाधिकारियों के साथ तालमेल बनाकर चुनाव संबंधी हर तैयारी समय पर पूरी कराने का निर्देश दिया। साथ ही सभी कोषांगों को एक्टिव मोड में रहते हुए जिम्मेदारी निभाने को कहा गया।
प्रशासन ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी सख्ती दिखाई है। नगर परिषद क्षेत्र और समाहरणालय परिसर के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है, ताकि चुनावी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो सके। मतदान कर्मियों के लिए बाजार समिति परिसर में बज्रगृह, डिस्पैच और रिसीविंग सेंटर के साथ मतगणना केंद्र बनाया जाएगा। वहीं वाहन कोषांग को चुनाव कार्य के लिए आवश्यक वाहनों की संख्या का आकलन कर समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। डीसी मनीष कुमार ने कहा कि सभी पदाधिकारी आपसी तालमेल के साथ काम करें, ताकि नगर निकाय चुनाव को बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!