रैक लोडिंग तेज करने और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश
पाकुड़ रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को हावड़ा रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) विशाल कपूर ने औचक निरीक्षण किया। निर्धारित समय से करीब साढ़े चार घंटे की देरी से पहुंचने के बावजूद डीआरएम ने स्टेशन पर रुकने के बजाय सीधे स्टोन क्वारी और स्टोन साइडिंग का रुख किया। साइडिंग क्षेत्र में पहुंचकर उन्होंने पत्थर लोडिंग की स्थिति का गहन निरीक्षण किया और अधिकारियों को रैक लोडिंग की रफ्तार बढ़ाने का निर्देश दिया। डीआरएम ने स्पष्ट कहा कि माल ढुलाई बढ़ाकर रेलवे के राजस्व में हर हाल में बढ़ोतरी की जाए। इसके बाद डीआरएम ने ट्रैक मेंटेनेंस कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि परिचालन में सुरक्षा से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित अभियंताओं को पटरियों के नियमित रखरखाव, तकनीकी खामियों को दूर करने और मालगाड़ियों के परिचालन में बाधा नहीं आने देने के निर्देश दिए। करीब तीन घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान डीआरएम के सख्त रुख से स्टेशन और साइडिंग क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा। सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर उन्होंने नाराजगी जताई। डीआरएम के साथ मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। निरीक्षण के बाद देर शाम डीआरएम वापस लौट गए।








