पशुपालन विभाग ने बर्ड फ्लू से किया इनकार, सतर्कता बरतने की अपील
पाकुड़ नगर क्षेत्र अंतर्गत छोटी अलीगंज में बीते 24 घंटे के भीतर रहस्यमयी बीमारी से तीन मुर्गियों की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। मृत मुर्गियों में दो कल्याणी मुर्मू की बताई जा रही हैं, जबकि एक अन्य ग्रामीण की है। बीमारी से ग्रसित मुर्गियां सड़क पर तड़पती हुई दम तोड़ती देखी गईं। आश्चर्यजनक रूप से मृत मुर्गियों को कुत्तों ने भी नहीं छुआ, जिससे इलाके में डर और अफवाह का माहौल बन गया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। लोगों के बीच कानाफूसी शुरू हो गई कि कहीं इलाके में बर्ड फ्लू जैसी कोई गंभीर बीमारी तो नहीं फैल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुर्गियां अचानक बीमार पड़ रही हैं और कुछ ही देर में मर जा रही हैं, जिससे स्थिति को लेकर चिंता बढ़ गई है। मामले की जानकारी पशुपालन विभाग के बीएचओ अभिषेक यादव को दी गई। उन्होंने बताया कि फिलहाल बर्ड फ्लू की पुष्टि नहीं हुई है। एहतियात के तौर पर जिनकी मुर्गियां मरी हैं, उन्हें मृत पक्षियों को गड्ढा खोदकर मिट्टी में दबाने का निर्देश दिया गया है। साथ ही प्रभावित ग्रामीणों से विभाग में सूचना दर्ज कराने को कहा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर सैंपल जांच के लिए भेजे जा सकें।






