अमड़ापाड़ा: शनिवार देर रात अमड़ापाड़ा थाना से करीब 200 मीटर दूर पाकुड़ जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे खड़ी मारुति ऑल्टो कार को अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया। चोरी की जानकारी रविवार सुबह तब हुई, जब वाहन का उपयोग करने वाले मोटरसाइकिल गैरेज संचालक सफीक अंसारी गैरेज पहुंचे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमड़ापाड़ा निवासी सफीक अंसारी मोहम्मद जलील अंसारी के मकान में मोटरसाइकिल गैरेज का संचालन करते हैं। उन्होंने अपने एक परिचित—जो गिरिडीह जिले के मोहनपुर पचमा के निवासी हैं—से उपयोग के लिए ऑल्टो कार (नंबर: JH 10 P 8931) ली थी। रोज की तरह शनिवार शाम गैरेज बंद करने के बाद कार को गैरेज के बगल सड़क किनारे खड़ा कर वे घर चले गए। रविवार सुबह करीब 9 बजे गैरेज पहुंचने पर कार गायब मिली। इसके बाद सफीक अंसारी ने अमड़ापाड़ा थाना में लिखित आवेदन देकर घटना की सूचना दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।





