इकबाल हुसैन
महेशपुर (पाकुड़)। महेशपुर पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय दमदमा में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता को लेकर छात्रों ने सवाल उठाए हैं। बच्चों ने आरोप लगाया कि उन्हें निर्धारित मेनू के अनुसार भोजन और पौष्टिक सामग्री नहीं दी जा रही है। छात्रों के अनुसार, प्रधानाध्यापक इमदाद हसन के एसआईआर कार्य में व्यस्त रहने के दौरान मध्याह्न भोजन व्यवस्था पर पर्याप्त निगरानी नहीं हो पा रही है। आरोप है कि सुबह ही रसोइया को सीमित मात्रा में चावल, दाल, आलू और सरसों तेल उपलब्ध करा दिया जाता है। बच्चों का दावा है कि बीते शुक्रवार और सोमवार को निर्धारित मेनू के अनुसार अंडा समेत अन्य पौष्टिक सामग्री भी नहीं दी गई। छात्रों ने विद्यालय में बच्चों के लिए उपलब्ध कराई गई नई थालियों में से कुछ थालियां निजी उपयोग में रखे जाने का भी आरोप लगाया है। मामले को लेकर बच्चों और अभिभावकों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। प्रधानाध्यापक का पक्ष नहीं मिल सका: आरोपों को लेकर प्रधानाध्यापक इमदाद हसन से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।









