प्रोजेक्ट जागृति -बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम के तहत फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम अंतर्गत निःशुल्क हाइड्रोसिल ऑपरेशन शिविर का आयोजन सदर अस्पताल, सोनाजोड़ी, पाकुड़ में किया गया। यह शिविर उपायुक्त मनीष कुमार तथा सिविल सर्जन डॉ सुरेन्द्र कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। शिविर में डीएस डॉ मनीष कुमार सिन्हा की उपस्थिति में भीबीडी पदाधिकारी डॉ अमित कुमार, सर्जन डॉ दीपांकर मिश्रा तथा उनकी टीम द्वारा 3 हाइड्रोसिल सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न की गई।
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत इस प्रकार के निःशुल्क ऑपरेशन शिविर आयोजित कर जरूरतमंद मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील किया कि इस बीमारी से पीड़ित व्यक्ति आगे आएं और सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाएं।
सिविल सर्जन डॉ सुरेन्द्र कुमार मिश्रा ने बताया कि फाइलेरिया से बचाव एवं उपचार के लिए जागरूकता अत्यंत आवश्यक है तथा समय पर उपचार से इस बीमारी को पूर्णतः नियंत्रित किया जा सकता है।





