प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा प्रखंड के कमलघाटी पंचायत अंतर्गत विभिन्न गांवों में शुक्रवार को परियोजना पदाधिकारी मोतिउर रहमान ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत संचालित योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बिरसा हरित ग्राम योजना, अबुआ आवास योजना तथा कूप निर्माण कार्यों की प्रगति को परखा गया और सभी स्थलों को Area Officer App में कैप्चर किया गया।
परियोजना पदाधिकारी ने पुरानी चालू योजनाओं में मांग सृजित कर अधिकतम मानव दिवस बनाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी सक्रिय मजदूरों का ई-केवाईसी शीघ्र पूरा कराने पर जोर दिया गया। बिरसा हरित ग्राम योजना के स्थलों पर नाडेप, सीपीटी, मिश्रित खेती और ‘एच-टेका’ सुधार कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान पौधारोपण वाले क्षेत्रों में थाला बनाकर नियमित सिंचाई सुनिश्चित करने और 7 पंजी को अद्यतन रखने का स्पष्ट निर्देश ग्राम रोजगार सेवकों को दिया गया। अधिकारियों ने गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने की बात कही, ताकि योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचे और रोजगार सृजन में तेजी आए।








