पाकुड़। जिले में महिला क्रिकेट को सशक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। सीएसआर योजना के तहत दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड के सौजन्य से कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, पाकुड़ की छात्राओं के बीच क्रिकेट की आवश्यक खेल सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को क्रिकेट किट, बैट, बॉल, पैड, ग्लव्स सहित अन्य उपयोगी खेल सामग्री प्रदान की गई। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी एवं डीबीएल के प्रतिनिधि संजीव सिंह, अजित सिंह एवं संभू दास उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि खेल सामग्री की उपलब्धता से छात्राओं में खेल के प्रति रुचि और आत्मविश्वास बढ़ेगा, साथ ही उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है। गौरतलब है कि कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, पाकुड़ की छात्राएँ पहले से ही क्रिकेट में जिले का प्रतिनिधित्व कर रही हैं और वर्तमान में क्रिकेट कोच प्रमोद नंगालिया से नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। आगामी सत्र में विद्यालय की खिलाड़ी जिला टीम की ओर से राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगी। जिला शिक्षा पदाधिकारी सुश्री अनीता पुरती ने कहा कि विद्यालयों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना समग्र शिक्षा का अभिन्न हिस्सा है, जिससे छात्राओं का शारीरिक एवं मानसिक विकास सुनिश्चित होता है। वहीं जिला क्रीड़ा पदाधिकारी श्री राहुल कुमार ने कहा कि महिला खिलाड़ियों के लिए आधारभूत सुविधाओं का विकास जिला प्रशासन की प्राथमिकता है और भविष्य में भी इस दिशा में ठोस पहल जारी रहेगी। डीबीएल के प्रतिनिधियों ने छात्राओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि कंपनी सीएसआर के तहत खेल और शिक्षा से जुड़े ऐसे प्रयास आगे भी निरंतर करती रहेगी।







