Search

February 26, 2026 2:38 am

अवैध खनिज परिवहन पर कार्रवाई, स्टोन चिप्स लदा हाईवा जब्त।

पाकुड़। जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ चल रहे सख्त अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। 24 फरवरी 2026 को जिला खनन पदाधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल के सहयोग से नगर थाना क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान शाम करीब 4 बजे प्यादापुर चेकनाका के समीप एक वाहन गैराज में संदिग्ध अवस्था में खड़ा स्टोन चिप्स लदा हाईवा (वाहन संख्या WB93B7432) पाया गया। जांच के समय चालक मौके पर मौजूद नहीं था। तलाशी में वाहन से लगभग 1200 सीएफटी स्टोन चिप्स बरामद हुए।
विभागीय जिम्स पोर्टल से सत्यापन करने पर उक्त वाहन के लिए कोई वैध खनिज परिवहन चालान नहीं पाया गया। इसके बाद वाहन सहित लदे खनिज को विधिवत जब्त कर जप्ति सूची तैयार की गई और वाहन को नगर थाना, पाकुड़ के सुपुर्द कर दिया गया। इस संबंध में नगर थाना में डीएस केस संख्या 28/26 (दिनांक 25.02.2026) दर्ज किया गया है। मामला खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 4 एवं 21, झारखंड लघु खनिज समानुदान नियमावली-2004 (संशोधित) के नियम-54 तथा झारखंड मिनरल (प्रिवेंशन ऑफ इल्लीगल माइनिंग, ट्रांसपोर्टेशन एंड स्टोरेज) रूल-2017 के नियम 7, 9 एवं 13 के तहत दर्ज किया गया है। साथ ही बीएनएस की प्रासंगिक धाराएं भी लगाई गई हैं। मामले की जांच एएसआई अरुण ठाकुर को सौंपी गई है। प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर