Search

September 22, 2026 10:34 pm

दुर्गापूजा से पहले सफाई, पेयजल और रोशनी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग

पार्षदों ने बोर्ड की बैठक बुलाकर पूजा समितियों के साथ कार्ययोजना बनाने पर दिया जोर।

राजकुमार भगत

पाकुड़। दुर्गापूजा, लक्ष्मी पूजा और काली पूजा को लेकर नगर परिषद क्षेत्र में तैयारियां शुरू हो गई हैं। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वार्ड पार्षदों ने नगर परिषद की सामान्य बोर्ड बैठक शीघ्र बुलाने की मांग की है। इसको लेकर पार्षद निभा देवी, कृष्णा शर्मा, पूनम देवी, तनु दास, राखी सरदारिन, चेनु बीबी, रबिया बीबी, अनिकेत गोस्वामी, रियाज अंसारी, बिमल चंद्र राउत, राजा अंसारी और गुड्डू कुमार भगत ने संयुक्त रूप से कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी को आवेदन सौंपा। पार्षदों ने पूजा पंडालों और आसपास नियमित कूड़ा उठाव, नालियों की सफाई, पर्याप्त पेयजल, खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत तथा अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। पार्षदों ने कहा कि पूजा समितियों के साथ पहले से समन्वय कर सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था की ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। कार्यपालक पदाधिकारी ने संबंधित जनप्रतिनिधियों और पूजा समितियों के साथ समन्वय कर आगामी माह बोर्ड की सामान्य बैठक आयोजित करने का आश्वासन दिया। बैठक में पर्व-त्योहारों के दौरान आवश्यक नागरिक सुविधाओं को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!