रमजान देता है इंसानियत और भाईचारे का पैगाम: हाजी तनवीर
मो० काजीरुल शेख
पाकुड़: पवित्र रमजान माह की रौनक के बीच शहर में हाजी तनवीर की ओर से एक भव्य इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न समुदायों के लोगों की बड़ी और गरिमामयी भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम ने सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की मिसाल पेश की।इफ्तार से पूर्व रोजेदारों ने मुल्क की तरक्की, अमन-चैन और भाईचारे के लिए सामूहिक दुआ की। जैसे ही अज़ान की आवाज़ गूंजी, सभी ने खजूर और पानी से रोजा खोला। इसके बाद सामूहिक रूप से नमाज अदा की गई, जिससे पूरा माहौल आध्यात्मिक रंग में रंग गया।इस अवसर पर हाजी तनवीर ने कहा कि रमजान का पाक महीना इंसानियत, आपसी प्रेम और सामाजिक एकता का पैगाम देता है। उन्होंने बताया कि इफ्तार पार्टी का उद्देश्य समाज में आपसी सौहार्द को मजबूत करना और सभी वर्गों को एक मंच पर लाना है।कार्यक्रम में मौजूद गणमान्य व्यक्तियों, समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे सामाजिक एकजुटता की सुंदर पहल बताया। आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था और रोजेदारों के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे, जिससे पूरा कार्यक्रम सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।यह इफ्तार पार्टी न सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक बनी, बल्कि शहर में गंगा-जमुनी तहज़ीब और भाईचारे की भावना को भी मजबूत करती नजर आई।







