इकबाल हुसैन
पाकुड़िया :- प्रखंड क्षेत्र के बन्नोग्राम पंचायत अंतर्गत उमापहाड़ी गांव निवासी बोलटू कुनाई की असामयिक मृत्यु की सूचना पर झारखंड मुक्ति मोर्चा की केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी उनके आवास पहुँचीं। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और परिजनों को ढांढस बंधाया। परिजनों के अनुसार, बोलटू कुनाई काम के सिलसिले में बेंगलुरु जा रहे थे, इसी दौरान आंध्र प्रदेश के नेल्लोर में उनका निधन हो गया। दुखद खबर मिलते ही उपासना मरांडी मृतक के घर पहुँचीं और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्हें देखते ही परिजन भावुक हो उठे।
उपासना मरांडी ने परिवार को आश्वस्त किया कि सरकार की ओर से मिलने वाली सभी निर्धारित सहायता उन्हें दिलाने के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा। उन्होंने इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी से दूरभाष पर बातचीत कर पीड़ित परिवार को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया। इस मौके पर पंचायत समिति सदस्य रीमा रविदास, सूरज रविदास, कस्टम कुनाई, मिलन कुनाई, निताय कुनाई सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।





