जिला संवाददाता अंकित कुमार लाल
मेदनीनगर:शहर में पेट्रोल की कमी को लेकर फैली अफवाहों का असर रविवार को फिर पेट्रोल पंपों पर साफ दिखाई दिया। सुबह से ही कई पेट्रोल पंपों पर कार और बाइक की लंबी कतारें लग गईं। लोग अपने वाहनों में तेल भरवाने के लिए घंटों लाइन में खड़े रहे और कई जगहों पर पहले तेल लेने को लेकर आपस में बहस भी होती दिखी।
बाईपास रोड स्थित पेट्रोल पंप पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अलग व्यवस्था की गई थी। यहां गेट के बाहर कुछ वाहन खड़े थे जबकि कुछ वाहनों को अंदर कतार में लगाकर क्रमवार तेल दिया जा रहा था। पेट्रोल पंप कर्मियों ने पहले अंदर खड़े वाहनों को तेल देकर बाहर निकाला और फिर बाहर लगी कतार के वाहनों को अंदर प्रवेश दिया। इस व्यवस्था के कारण वहां स्थिति अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण बनी रही।
वहीं दूसरी ओर बिसफुटा पुल के पास स्थित पेट्रोल पंप पर स्थिति कुछ अलग रही। यहां तेल लेने को लेकर ग्राहकों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। बताया जाता है कि एक ग्राहक के साथ दुर्व्यवहार भी हुआ, जिसके बाद माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया। इस दौरान लंबी कतार में खड़े लोगों को लगभग आधे घंटे तक इंतजार करना पड़ा और लाइन आगे नहीं बढ़ सकी।
अफवाहों के कारण कई लोग अपने साथ जरीकैन लेकर भी पेट्रोल पंप पहुंच रहे थे। कुछ लोगों को लाल रंग के जरीकैन में 5 लीटर तक पेट्रोल भरवाते हुए देखा गया।
हालांकि प्रशासन या सरकार की ओर से पेट्रोल की कमी को लेकर कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं की गई है, लेकिन अफवाहों के कारण लोग एहतियात के तौर पर अपने वाहनों की टंकी फुल करवाने में लगे हुए हैं।






