जिला संवाददाता अंकित कुमार लाल
पलामू: नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी जिला कार्यक्रम एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित प्रमुख इंडिकेटरों में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को संपूर्णता अभियान 2.0 का शुभारंभ टाउन हॉल के सभागार में किया गया।कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त समीरा एस,अपर समाहर्ता कुंदन कुमार,सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार,जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ असीम,योजना पदाधिकारी शिशिर तिग्गा समेत विभिन्न विधायकों के प्रतिनिधियों ने दीप प्रज्वलन कर संयुक्त रूप से किया।
सभी के सहयोग से ही सफल होगा अभियान:उपायुक्त
कार्यक्रम में उपायुक्त समीरा एस ने कहा कि जिले के समग्र विकास एवं जनकल्याण के उद्देश्य से आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित प्रमुख संकेतकों को शतप्रतिशत संतृप्ति के साथ प्राप्त करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा तथा जमीनी स्तर पर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना होगा।इस दिशा में विशेष रूप से निम्नलिखित पाँच प्रमुख संकेतकों पर हमें प्राथमिकता के साथ कार्य करना है जिसके तहत जिले में जन्म लेने वाले सभी नवजात शिशुओं का जन्म के समय वजन अवश्य लिया जाना है,ताकि शिशु के स्वास्थ्य की सही निगरानी किया जा सके।क्षय रोग के मामलों की सूचना सार्वजनिक एवं निजी स्वास्थ्य संस्थानों द्वारा समय पर दर्ज की जाए,जिससे अनुमानित मामलों के अनुरूप शत-प्रतिशत केस नोटिफिकेशन सुनिश्चित किया जा सके।सभी आंगनबाड़ी केंद्रों एवं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में प्रत्येक माह कम से कम एक ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण दिवस /शहरी स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण दिवस का आयोजन अनिवार्य रूप से किया जाए।जिले के सभी विद्यालयों में बालिकाओं के लिए कार्यशील शौचालय की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि छात्राओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।पशुपालन विभाग के माध्यम से पशुओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए,जिससे पशुओं में होने वाली बीमारियों की रोकथाम हो सके।उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों से कहा कि जब भी मीटिंग होती है तो कई मामलों में आंकड़ों में भिन्नता पाया जाता है,उन्होंने इससे बचने की बात कही।उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं,बल्कि संतृप्ति आधारित प्रशासनिक दृष्टिकोण है।
28 जनवरी 2026 से 14 अप्रैल 2026 तक चलाया जायेगा अभियान
इसके पूर्व अपर समाहर्ता कुंदन कुमार ने संपूर्णता अभियान पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि संपूर्णता अभियान 2.0 का मुख्य उद्देश्य नीति आयोग द्वारा निर्धारित प्रमुख इंडिकेटरों में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करना है,ताकि आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी प्रखंड के अंतर्गत स्वास्थ्य,पोषण,शिक्षा एवं पशुओं के टीकाकरण से संबंधित सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ सुनिश्चित किया जा सके।उन्होंने बताया कि यह अभियान 28 जनवरी 2026 से 14 अप्रैल 2026 तक चलाया जाना है।इसी तरह सिविल सर्जन,जिला समाज कल्याण पदाधिकारी,जिला शिक्षा अधीक्षक ने अपने-अपने विभागों से कार्यों को कैसे इस अभियान में किया जाना है से संबंधित बातों को रखा।इसके बाद टाउन हॉल में मौजूद विभिन्न लोगों से विचार-विमर्श किया गया।इस अवसर पर उपरोक्त के अलावे बड़ी संख्या में विभिन्न प्रखंडों के सेविकाएं व सहायिकाएं उपस्थित रहीं। .





