Search

March 11, 2026 10:35 pm

राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार की दौड़ में झिकरहटी पूर्वी, केंद्रीय दल ने किया विकास कार्यों का निरीक्षण

परिसंपत्ति वितरण, योजनाओं की समीक्षा और महिलाओं की भागीदारी की सराहना, उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया—प्रोजेक्ट बदलाव से शिक्षा-स्वास्थ्य में आ रहा सकारात्मक परिवर्तन।

पाकुड़। राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2025 के लिए नामित सदर प्रखंड की ग्राम पंचायत झिकरहटी पूर्वी में बुधवार को केंद्रीय दल ने भ्रमण कर पंचायत में संचालित विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का जायजा लिया। पंचायत सचिवालय परिसर में आयोजित संवाद सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम में उपायुक्त मनीष कुमार तथा पंचायत राज मंत्रालय, भारत सरकार के सेक्शन ऑफिसर मनिकन्दन के० पी० और सलाहकार एसओईपीआर संपा बासु ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। केंद्रीय टीम ने पंचायत क्षेत्र में चल रही योजनाओं के क्रियान्वयन, लाभार्थियों को मिल रहे लाभ तथा पंचायत स्तर पर तैयार की गई परिसंपत्तियों की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ संवाद भी किया गया। टीम ने पंचायत सचिवालय परिसर में लगे सूचना पट्ट, पंचायत प्रोफाइल, प्रोजेक्ट प्राण और प्रोजेक्ट बदलाव से संबंधित वीडियो प्रस्तुतीकरण का अवलोकन किया, जिसकी सराहना की।
भ्रमण के दौरान केंद्रीय दल ने पंचायत सचिवालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। टीम ने हैंडवॉश व्यवस्था, भष्मीकरण यंत्र, पंचायत का नक्शा, स्तनपान कक्ष, हेल्प डेस्क, मईया कक्ष, ज्ञान केंद्र, जन औषधि केंद्र, वाटर फिल्टर, शौचालय, ऊर्जा कक्ष, रोजगार सेवक कक्ष तथा प्रज्ञा केंद्र सहित विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। टीम ने कहा कि पंचायत स्तर पर इस प्रकार की सुव्यवस्थित व्यवस्था ग्रामीणों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और अन्य पंचायतों के लिए भी यह प्रेरणादायक है। पंचायत परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर का भी केंद्रीय टीम और उपायुक्त ने निरीक्षण किया। इस दौरान जेएसएलपीएस की दीदियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। उपायुक्त और केंद्रीय दल ने रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र और कॉफी मग देकर सम्मानित किया तथा समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी की सराहना की।
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि जिले में प्रोजेक्ट बदलाव और प्रोजेक्ट जागृति के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हर महीने की 10 तारीख को संवाद कार्यक्रम के माध्यम से लगभग एक लाख दीदियों से जुड़कर विभिन्न मुद्दों और योजनाओं पर चर्चा की जाती है। उन्होंने बाल विवाह को गंभीर सामाजिक समस्या बताते हुए बच्चियों को 20–22 वर्ष तक शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित करने की अपील की। साथ ही महिलाओं को स्वरोजगार और आधुनिक खेती से आर्थिक रूप से सशक्त बनने का संदेश दिया। पंचायत राज मंत्रालय के सेक्शन ऑफिसर मनिकन्दन के० पी० ने कहा कि पंचायत द्वारा किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी की प्रशंसा करते हुए योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने का आह्वान किया। सलाहकार एसओईपीआर संपा बासु ने कहा कि पंचायत स्तर पर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन ग्रामीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से पंचायत से जुड़कर योजनाओं की जानकारी लेने और उनका लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर उपायुक्त, सेक्शन ऑफिसर, सलाहकार और पंचायत की मुखिया द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास स्वीकृति पत्र, साइकिल, मनरेगा जॉब कार्ड सहित कई लाभुकों को सामग्री प्रदान की गई। इसके अलावा 68 सखी मंडलों के बीच 68 लाख रुपये तथा 52 सखी मंडलों के बीच 78 लाख रुपये की राशि वितरित की गई। कार्यक्रम में सावित्रीबाई फुले समृद्धि योजना के तहत परिसंपत्तियां, किशोरी बालिकाओं को स्वच्छता किट, धोती-साड़ी, मच्छरदानी और बेबी किट भी वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त, सेक्शन ऑफिसर और सलाहकार ने शिक्षा विभाग, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य विभाग, जूट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया, जेएसएलपीएस, जल स्वच्छता समिति और समाज कल्याण विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजनों तक सरल और प्रभावी तरीके से पहुंचाई जाए ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें। इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. सुरेन्द्र कुमार मिश्रा, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी पाकुड़, अंचलाधिकारी पाकुड़, कार्यपालक दंडाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, मुखिया, पंचायत सचिव सहित कई पदाधिकारी और ग्रामीण मौजूद थे।

img 20260311 wa00455181507394919327238
img 20260311 wa00438558261673810533576
img 20260311 wa00446830131045710779429
img 20260311 wa00463014131572712759956

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर