Search

September 29, 2026 10:01 am

पचुवाड़ा नॉर्थ कोल ब्लॉक में तीसरे दिन भी खनन ठप, छह सूत्री मांगों पर अड़े विस्थापित ग्रामीण

अमड़ापाड़ा। पचुवाड़ा नॉर्थ कोल ब्लॉक में अपनी छह सूत्री मांगों को लेकर विस्थापित ग्रामीणों का आंदोलन तेज हो गया है। बुधवार को लगातार तीसरे दिन भी ग्रामीणों के विरोध के कारण कोयला खनन और ट्रांसपोर्टिंग का कार्य पूरी तरह ठप रहा। इससे खनन क्षेत्र में कामकाज प्रभावित हो गया। धरना स्थल पर अंचल पदाधिकारी औसाफ अहमद खान और थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा की मौजूदगी में ग्रामीणों और प्रबंधन के बीच वार्ता हुई। बातचीत के दौरान जमीन समतलीकरण का कार्य तीन महीने के भीतर शुरू करने पर सहमति बनी, लेकिन अस्पताल और +2 विद्यालय जैसी मूलभूत सुविधाओं के मुद्दे पर प्रबंधन के स्पष्ट आश्वासन नहीं मिलने से ग्रामीण संतुष्ट नहीं हुए।
ग्रामीणों ने साफ कहा कि समझौते के संलेख (एमओयू) के अनुसार बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराए बिना आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। उनका कहना है कि वर्षों से केवल आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस पहल नहीं हुई है। धरना स्थल पर महतान टुडू और अन्द्रियास मुर्मू समेत बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाएं पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ डटे हुए हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक खनन और ट्रांसपोर्टिंग कार्य शुरू नहीं होने दिया जाएगा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!