मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने आरोपों को किया खारिज, कहा– पारदर्शी तरीके से होगी धान खरीद
पाकुड़/लिट्टीपाड़ा: झारखंड में धान खरीद को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है। लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू ने आरोप लगाया है कि धान खरीद के दौरान किसानों के साथ अन्याय किया जा रहा है। उनका कहना है कि किसानों से धान तो खरीदा जा रहा है, लेकिन प्रति क्विंटल करीब 10 किलो की कटौती की जा रही है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि किसान पहले से ही कई तरह की समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे में अगर धान खरीद के समय इस तरह की कटौती की जाती है तो यह किसानों के साथ सीधा अन्याय है। उन्होंने सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए किसानों को न्याय दिलाने की मांग की है। वहीं इस मामले पर जामताड़ा विधायक सह स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि धान खरीद में किसी प्रकार की कटौती नहीं हो रही है। मंत्री ने बताया कि इस बार धान की फसल अच्छी हुई है और सरकार बड़े पैमाने पर धान खरीद की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही धान खरीद की प्रक्रिया पूरी तरह से शुरू की जाएगी, ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो। साथ ही उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि सरकार किसानों के हितों को लेकर गंभीर है और पूरी खरीद प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संचालित की जाएगी।







