Search

March 13, 2026 10:41 pm

झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, अधिवक्ताओं में दिखा उत्साह।

राजकुमार भगत

पाकुड़। झारखंड स्टेट बार काउंसिल (JSBC) के सदस्यों के चुनाव के लिए गुरुवार, 12 मार्च 2026 को पाकुड़ जिला बार एसोसिएशन भवन में मतदान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो गया। मतदान के दौरान अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में उन्होंने अपने मताधिकार का प्रयोग कर नई परिषद के गठन में भागीदारी निभाई। बार एसोसिएशन परिसर में सुबह से ही मतदान को लेकर गहमागहमी का माहौल रहा। प्राप्त जानकारी के अनुसार कुल 209 अधिवक्ता मतदान के लिए पात्र थे, जिनमें से 170 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार मतदान केंद्र पर लगभग 81 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। पूरी प्रक्रिया पीठासीन पदाधिकारी सह पाकुड़ बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष नृपेंद्र उपाध्याय तथा रांची से आए पर्यवेक्षक अधिवक्ता लव तिवारी की निगरानी में संपन्न हुई। मतदान केंद्र पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला पुलिस प्रशासन के जवान तैनात रहे। मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में पूरी हुई। इस दौरान पाकुड़ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहम्मद मोहिउद्दीन और सचिव दीपक ओझा भी मौजूद रहे। उन्होंने मतदान केंद्र का निरीक्षण किया और अधिवक्ताओं से शांतिपूर्वक मतदान करने की अपील की। गौरतलब है कि झारखंड स्टेट बार काउंसिल के इस चुनाव में पूरे राज्य से 100 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें से 25 सदस्यों का चयन किया जाना है। निर्वाचित सदस्यों का कार्यकाल पांच वर्षों का होगा। चुनाव नियमों के अनुसार प्रत्येक अधिवक्ता को कम से कम पांच और अधिकतम 23 उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करना अनिवार्य था।

Also Read: E-paper 20-01-26

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर