प्रकाश टूटी के प्रवास के दौरान एबीवीपी का आंदोलन सफल, सेमेस्टर-5 परीक्षा में प्राध्यापकों की अनुपस्थिति पर फूटा छात्रों का गुस्सा।
राजकुमार भगत
पाकुड़, 14 मार्च: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी के पाकुड़ प्रवास के दौरान शनिवार को केकेएम महाविद्यालय में छात्रों की मांगों को लेकर जोरदार आंदोलन हुआ। यूजी सेमेस्टर-5 (सत्र 2022-26) के अंग्रेजी विषय की इंटर्नशिप परीक्षा के दौरान प्राध्यापकों की अनुपस्थिति से नाराज छात्रों और परिषद कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय में तालाबंदी कर दी। घंटों तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य ने छात्रों की समस्याओं पर संज्ञान लेते हुए उचित कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद परिषद ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की। इस दौरान कॉलेज इकाई के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी का माला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद आयोजित बैठक में उन्होंने संगठनात्मक विषयों पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन भी किया। आंदोलन को संबोधित करते हुए प्रकाश टूटी ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित परीक्षा तिथि के दिन प्राध्यापकों की अनुपस्थिति कॉलेज प्रशासन की लापरवाही को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। परिषद ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में ऐसी स्थिति दोहराई गई तो छात्रहित में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। प्रदेश सह मंत्री बमभोला उपाध्याय ने कहा कि सेमेस्टर-5 के छात्र सुबह से परीक्षा के लिए परेशान थे, लेकिन प्रशासन जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं था। विद्यार्थी परिषद ने छात्रों की समस्या को उठाते हुए आंदोलन किया, जिसके बाद प्रशासन को समाधान का आश्वासन देना पड़ा। प्रवास के दौरान प्रदेश मंत्री ने छात्रावास के विद्यार्थियों से भी मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही बी.एड विभागाध्यक्ष डॉ. महबूब आलम को ‘जनजातीय जुटान 2.0’ की स्मारिका भेंट कर शैक्षणिक विषयों पर चर्चा की। इस मौके पर विभाग संगठन मंत्री बादल कुमार, कॉलेज अध्यक्ष दुलाल चंद्र दास, जनजातीय कार्य प्रमुख चंदन पहाड़िया, राहुल पहाड़िया, राकेश दास, मनोज सोरेन, श्वेता कुमारी और अंजना साहा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और छात्र मौजूद थे।






