रमजान के पाक महीने में अमन, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का दिया संदेश।
हिरणपुर: प्रखंड के कमलघाटी में शनिवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम की ओर से भव्य इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में रोजेदारों ने एक साथ बैठकर इफ्तार किया और आपसी भाईचारे व सौहार्द का संदेश दिया।
इफ्तार कार्यक्रम में महेशपुर के एसडीपीओ विजय कुमार, झामुमो जिला उपाध्यक्ष समद अली, भाजपा नेता बाबुधन मुर्मू, झामुमो नेता दानियल किस्कू, चंदन तिवारी, जावेद आलम, मुसलोद्दीन अंसारी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में रोजेदार शामिल हुए और सामूहिक रूप से रोजा खोला। इस अवसर पर झामुमो जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने कहा कि रमजान का महीना इंसानियत, भाईचारे और आपसी सद्भाव का संदेश देता है। ऐसे सामाजिक आयोजन समाज को जोड़ने और लोगों के बीच प्रेम व एकता को मजबूत करने का काम करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान सभी लोगों ने अमन, शांति और आपसी एकता की दुआ मांगी। इफ्तार पार्टी के सफल आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों ने आयोजक अजीजुल इस्लाम की सराहना की और इसे सामाजिक सद्भाव का बेहतर उदाहरण बताया।







