पाकुड़। शहर के वार्ड संख्या 15 में स्थानीय जनसमस्याओं को दूर करने के लिए लगातार पहल की जा रही है। इसी कड़ी में नामुपाड़ा मोहल्ले में खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत कर उन्हें पुनः चालू कराया गया, ताकि क्षेत्र के लोगों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिल सके। साथ ही मोहल्ले की नालियों की सफाई भी कराई गई, जिससे गंदगी और जलजमाव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।

इसके अलावा श्याम नगर क्षेत्र में बिजली के पोल के पास झुकी हुई पेड़ की डालियों को हटाया गया। पेड़ की डालियां बिजली के तारों से सट रही थीं, जिससे कभी भी हादसा होने की आशंका बनी हुई थी। समय रहते डालियों को हटाकर संभावित दुर्घटना को टाल दिया गया, जिससे इलाके के लोगों को काफी राहत मिली।

यह सभी कार्य वार्ड संख्या 15 की पार्षद चंचल सिंह के निर्देश पर कराया गया। इस दौरान उनके पति बबलू सिंह भी मौके पर मौजूद रहे और कार्यों की निगरानी की।
स्थानीय लोगों ने कहा कि इस तरह के कार्यों से इलाके की मूलभूत सुविधाओं में सुधार हो रहा है और जनसमस्याओं का समाधान भी तेजी से हो रहा है। उन्होंने पार्षद के इस प्रयास की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि आगे भी इसी तरह विकास कार्य जारी रहेंगे।







