उत्क्रमित उच्च विद्यालय डांगापाड़ा में शौचालय व पानी टंकी क्षतिग्रस्त, कई दुकानों को भी नुकसान।
राहुल दास
हिरणपुर (पाकुड़): रविवार देर शाम आई तेज आंधी और बारिश ने हिरणपुर प्रखंड क्षेत्र में जनजीवन को प्रभावित कर दिया। इस दौरान डांगापाड़ा स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय में भारी नुकसान हुआ, वहीं पूरे इलाके में बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई। तेज आंधी के कारण विद्यालय परिसर में लगा सिरीश का एक बड़ा पेड़ टूटकर शौचालय के ऊपर गिर गया। इससे शौचालय के ऊपर रखी पानी की टंकी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं पास में स्थित जलमीनार को भी नुकसान पहुंचा है। जलमीनार पर लगा सोलर पैनल सड़क की ओर झुक गया है, जिससे उसके गिरने की आशंका बनी हुई है।
सोमवार सुबह जब बच्चे विद्यालय पहुंचे तो परिसर में गिरे पेड़ और टूटी डालियों के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। विद्यालय प्रबंधन द्वारा पेड़ को हटाने का प्रयास किया जा रहा है ताकि परिसर को जल्द सामान्य किया जा सके। उधर आंधी का असर आसपास के बाजारों में भी देखा गया। हिरणपुर, तोड़ाई और डांगापाड़ा चौक स्थित कई दुकानों के बाहरी हिस्से आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। प्रधानाध्यापक आनंद कुमार भगत ने बताया कि आंधी के कारण विद्यालय को काफी नुकसान हुआ है। गिरे हुए पेड़ को हटाने का काम कराया जा रहा है ताकि विद्यार्थियों को किसी तरह की दिक्कत न हो। इधर तेज आंधी और बारिश के बाद रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे से ही क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। पूरी रात बिजली गुल रही और समाचार लिखे जाने तक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की बारिश में भी अक्सर बिजली बाधित हो जाती है, जबकि इस बार तेज आंधी के कारण स्थिति और गंभीर हो गई।






