Search

March 17, 2026 1:14 am

मनरेगा कर्मियों की हड़ताल पांचवें दिन भी जारी, ग्रामीण विकास योजनाओं का काम ठप

250 से अधिक कर्मियों के कार्य बहिष्कार से जियो-टैगिंग, ऑनलाइन एंट्री और मजदूरी भुगतान पर संकट

पाकुड़: जिले में झारखंड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ के बैनर तले विभिन्न मांगों को लेकर मनरेगा कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल सोमवार को पांचवें दिन भी जारी रही। हड़ताल में जिले के करीब ढाई सौ से अधिक मनरेगा कर्मियों के शामिल होने से ग्रामीण विकास से जुड़ी कई योजनाओं का कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गया है। कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार के कारण सिंचाई, प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित कार्य, तालाब निर्माण, डोभा निर्माण तथा मेढ़बंदी जैसी योजनाओं की प्रशासनिक और तकनीकी स्वीकृति की प्रक्रिया रुक गई है। इससे कई विकास योजनाओं की प्रगति थम गई है।
संघ के जिला अध्यक्ष अजीत टुडू ने बताया कि बीपीओ, जेई और रोजगार सेवकों के हड़ताल पर रहने से जियो-टैगिंग, मापी और ऑनलाइन डेटा एंट्री का काम ठप हो गया है। इसके चलते मनरेगा मजदूरों के भुगतान में भी परेशानी उत्पन्न होने की आशंका है।
उन्होंने कहा कि जब तक सरकार मनरेगा कर्मियों के स्थायीकरण, समान काम के लिए समान वेतन और भविष्य निधि सहित अन्य मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज करते हुए सड़क से लेकर सदन तक आवाज बुलंद की जाएगी।
हड़ताल के दौरान सैदुर रहमान, अब्दुल गनी, ट्विंकल चौधरी, माणिक दास, मुंतसिर अहमद, रिजवान फारूकी सहित कई मनरेगा कर्मी मौजूद थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर