Search

August 5, 2026 8:59 pm

विश्व आदिवासी दिवस को भव्य बनाने में जुटीं डीसी

पाकुड़। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 अगस्त को रविंद्र भवन (टाउन हॉल) में आयोजित होने वाले भव्य सांस्कृतिक एवं सम्मान समारोह की तैयारियों को लेकर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने सभी विभागों को समयबद्ध और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनजातीय समाज की समृद्ध परंपराओं, विरासत और गौरवशाली इतिहास को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है।
उपायुक्त ने बताया कि कार्यक्रम में जनजातीय संस्कृति पर आधारित पारंपरिक नृत्य-संगीत, शिल्प प्रदर्शनी और स्वदेशी खाद्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों को लाभान्वित किया जाएगा तथा स्वास्थ्य, शिक्षा, खेलकूद और समाज कल्याण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। मेघा भारद्वाज ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि यह आयोजन जनजातीय कला, शिल्प और लोक संस्कृति को व्यापक पहचान दिलाने का प्रभावी मंच बने। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम की तैयारियों में किसी प्रकार की कमी न रहे और आयोजन को गरिमामय, भव्य तथा यादगार बनाया जाए। साथ ही जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस गौरवपूर्ण उत्सव का हिस्सा बनने की अपील की।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!