इकबाल हुसैन
पाकुड़/महेशपुर: जिले के पाकुड़िया और महेशपुर प्रखंड क्षेत्रों में शनिवार को ईद-उल-फितर का पर्व पूरे हर्षोल्लास, आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। झमाझम बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और सभी ने मस्जिदों में पहुंचकर ईद की नमाज अदा की। पाकुड़िया जामा मस्जिद में सुबह करीब 9 बजे नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। घरों में सेवइयों और विभिन्न पकवानों का दौर चला, जहां लोगों ने अपने परिजनों, दोस्तों और मेहमानों के साथ मिलकर त्योहार का आनंद लिया। हसनपुरा में युवाओं द्वारा आयोजित ईद मिलन समारोह में भी लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पारंपरिक व्यंजनों का लुत्फ उठाया।
वहीं महेशपुर प्रखंड के अस्कांधा, खांपुर, रामपुर, लखीपुर, कानीझड़ा, धर्मखांपड़ा, रोलाग्राम, बड़कियारी, मानिकपुर, बलियाडांगल और बास्केंद्री सहित कई गांवों में भी ईद की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई। लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर बधाइयां दीं और सेवइयों व मिठाइयों का आदान-प्रदान किया। ईद को लेकर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। विभिन्न स्थानों पर दंडाधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती की गई थी, वहीं पुलिस टीम लगातार गश्त करती रही। प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने लोगों को ईद की शुभकामनाएं देते हुए शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
पूरे दिन क्षेत्र में उत्सव, आपसी प्रेम और भाईचारे का माहौल बना रहा, जहां ईद ने एक बार फिर सामाजिक एकता और सद्भाव का संदेश दिया।







