Search

March 23, 2026 1:18 am

पहली बार राज्य स्तर पर उतरी पाकुड़ की बेटियां, अंडर-23 क्रिकेट टीम देवघर रवाना

उत्साह चरम पर, खिलाड़ियों को खेल सामग्री देकर अधिकारियों ने बढ़ाया हौसला, 23 मार्च से मुकाबले शुरू

पाकुड़। जिले की बालिका अंडर-23 क्रिकेट टीम पहली बार राज्य स्तरीय टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए रविवार को देवघर के लिए रवाना हुई। झारखंड राज्य क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने जा रही टीम को जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार, जिला क्रिकेट संघ के सचिव प्रणय तिवारी और प्रशिक्षक रानू सिंह ने खेल सामग्री प्रदान कर उत्साहपूर्वक विदा किया। यह पहला मौका है जब पाकुड़ की बेटियां इस स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उतर रही हैं। टीम में शामिल खिलाड़ियों में खासा उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिल रहा है। उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक सह जिला क्रिकेट संघ अध्यक्ष निधि द्विवेदी, जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती समेत अन्य अधिकारियों ने टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह मंच खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और जिले का नाम रोशन करने का सुनहरा अवसर है।

टीम की कमान सृष्टि हांसदा के हाथों में

टीम में सृष्टि हांसदा (कप्तान), सुस्मिता मरांडी (उपकप्तान), बेरोनिका हांसदा, रेवेका मुर्मू, नेहा किस्कू, अनुष्का कुमारी, पूनम मरांडी, सुशीला मरांडी, सीमा किस्कू, अनीता हेम्ब्रम, मनीषा मरांडी, कमोली हेम्ब्रम, खुशी साहा, मीना मुर्मू, सलोनी मरांडी और तलाकुरी टुडू शामिल हैं।

तीन दिन में तीन मुकाबले

टीम का पहला मैच 23 मार्च को गिरिडीह के खिलाफ, दूसरा 24 मार्च को मेजबान देवघर से और अंतिम लीग मैच 25 मार्च को कोडरमा के साथ होगा। जिला प्रशासन और क्रिकेट संघ को उम्मीद है कि टीम अनुशासन, टीमवर्क और बेहतर खेल के दम पर प्रतियोगिता में मजबूत प्रदर्शन कर जिले का नाम राज्य स्तर पर रोशन करेगी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर