Search

May 10, 2026 11:52 pm

हर बूंद की रक्षा का संकल्प: विश्व जल दिवस पर जागरूकता का संदेश।

पाकुड़। झालसा रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) पाकुड़ द्वारा रविवार को विश्व जल दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डालसा की सचिव रूपा बंदना किरो ने की, जबकि आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष दिवाकर पांडेय के निर्देश पर किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने जल संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि हर वर्ष 22 मार्च को मनाया जाने वाला विश्व जल दिवस लोगों को जल संकट के प्रति जागरूक करने और इसके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास की प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि बढ़ता प्रदूषण, शहरी कचरा और कृषि रसायनों का बहाव जल स्रोतों—तालाब, नदियों और झीलों—को तेजी से दूषित कर रहा है, जिससे पानी की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। सचिव रूपा बंदना किरो ने कहा कि जल संकट अब किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह वैश्विक चुनौती बन चुका है। इसके समाधान के लिए हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने पानी के जिम्मेदार उपयोग, अपशिष्ट में कमी और स्वच्छ जल-सुरक्षा पर विशेष बल दिया। इस दौरान लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ सुबोध कुमार दफादार और डिप्टी चीफ नुकुमुद्दीन शेख ने संयुक्त रूप से लोगों को जल संरक्षण के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नल खुला न छोड़ें, जल स्रोतों में कचरा न डालें और पानी को प्रदूषित होने से बचाना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही अधिक से अधिक वृक्षारोपण और जल संचयन को बढ़ावा देने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि छोटी-छोटी आदतें—जैसे सोच-समझकर पानी का उपयोग, स्थानीय जल स्रोतों की देखभाल और प्रदूषण को कम करने का प्रयास—बड़े बदलाव की शुरुआत बन सकती हैं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने जल संरक्षण को लेकर सामूहिक संकल्प लिया। मंच संचालन जेड एच विश्वास ने किया। इस मौके पर अज़फर हुसैन, अहसन शेख, सानिया प्रवीण, एनी रोज, कमला राय, गांगुली प्रियंका झा, सायेम अली, मैनुल शेख समेत कई लोग उपस्थित थे।

img 20260322 wa00595935199808007226462

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!