एस कुमार
महेशपुर: प्रखंड के शिवरामपुर मैदान में महेशपुर ऑल चर्चेस यूनियन की ओर से आयोजित तीन दिवसीय सुसमाचारीय एवं प्रार्थना सभा “सधीन साकवा आड़ाङ” का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
उनके आगमन पर आयोजकों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने पारंपरिक आदिवासी नृत्य और ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया गया। यह आयोजन 24 मार्च से 26 मार्च 2026 तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक चलेगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। सभा में यीशु मसीह की विशेष प्रार्थना की गई और श्रद्धालुओं ने एक साथ प्रभु का गुणगान करते हुए शांति, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने प्रभु यीशु के जीवन, त्याग, करुणा और उपदेशों पर प्रकाश डालते हुए समाज में प्रेम, सेवा और क्षमा की भावना अपनाने का आह्वान किया। विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम आपसी सौहार्द, भाईचारा और सामाजिक एकता को मजबूत बनाते हैं। साथ ही उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक पहल बताया। इस अवसर पर धर्मगुरु सुशील मरांडी, मार्टिन हांसदा, संचालक सिफानोएल सोरेन, राजू मुर्मू, झामुमो युवा मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष बाबुधन मुर्मू उर्फ डॉन, मुन्ना प्यारेलाल मुर्मू, बेंजामिन हेंब्रम, फेनी हेंब्रम, हरेंद्र मुर्मू सहित कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।







