Search

March 25, 2026 5:10 pm

पाकुड़ की स्वास्तिका का राष्ट्रीय मंच पर कमाल, दोहरी जीत के साथ PM तक गूंजे 3 आइडिया।

निबंध और रील मेकिंग में जीता तीसरा स्थान, उपायुक्त ने किया सम्मानित, केंद्रीय मंत्रियों संग किया संवाद।

पाकुड़: छोटे शहरों की बड़ी उड़ान का एक और प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। पाकुड़ की होनहार छात्रा और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) स्वयंसेवक स्वास्तिका रानी ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर उपायुक्त मनीष कुमार ने समाहरणालय में उन्हें सम्मानित कर उत्साह बढ़ाया। स्वास्तिका रानी, पाकुड़ बी.एड कॉलेज की छात्रा हैं, जो सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका से संबद्ध है। हाल ही में उनका चयन कोलकाता के डायमंड हार्बर स्थित नियोटिया विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय एकता शिविर (10 से 16 मार्च) के लिए हुआ था। इस शिविर में देशभर के प्रतिभागियों के बीच स्वास्तिका ने अपनी प्रतिभा का दमखम दिखाया। शिविर के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं में उन्होंने निबंध लेखन और ‘सिविक सेंस’ विषय पर रील मेकिंग में तृतीय स्थान हासिल कर दोहरी सफलता प्राप्त की। यहीं नहीं, उन्होंने “विकसित भारत युवा नेता संवाद 2026” में भी भाग लिया, जहां उनके 3 विचार देशभर के चुनिंदा आइडियाज में शामिल होकर प्रधानमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किए गए। खास बात यह रही कि उनके ये विचार केंद्रीय बजट 2026 में भी स्थान बना चुके हैं। कार्यक्रम के दौरान स्वास्तिका को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी के साथ संवाद का अवसर भी मिला, जो उनकी सोच और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि “स्वास्तिका की उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती।” उन्होंने कहा कि स्वास्तिका की सफलता अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी। वहीं स्वास्तिका रानी ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह पहचान उन्हें आगे और बेहतर करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने विश्वास जताया कि वे भविष्य में भी समाज और देश के लिए सकारात्मक योगदान देती रहेंगी।

img 20260325 wa00066293267755198466890
img 20260325 wa0007831166884573425244

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर