पाकुड़। रामनवमी जुलूस और चैती दुर्गा पूजा के मद्देनजर बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीपीओ, नगर प्रशासक और अंचल अधिकारी सहित रामनवमी अखाड़ा समिति व चैती दुर्गा समिति के अध्यक्ष, सचिव और सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया कि रामनवमी जुलूस केवल निर्धारित मार्ग से ही निकाला जाएगा। किसी भी प्रकार का रूट परिवर्तन स्वीकार्य नहीं होगा। साथ ही माननीय उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किसी भी समिति द्वारा डीजे के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने जुलूस के दौरान अनुशासन और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी अखाड़ा समितियों को आवश्यक दूरी बनाए रखने का निर्देश दिया। हर अखाड़ा अपनी अलग पहचान के लिए विशेष बैज का उपयोग करेगा, ताकि पहचान सुनिश्चित की जा सके। इसके अलावा, सभी समितियों को पर्याप्त संख्या में वॉलिंटियर तैनात करने को कहा गया है, जो जुलूस के सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण संचालन में सहयोग करेंगे। प्रशासन ने साफ किया कि नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक का मुख्य उद्देश्य त्योहारों को शांति, सौहार्द और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।







