प्रशांत मंडल
पाकुड़। लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के करियोडीह बड़ा पुल के समीप हिरणपुर–लिट्टीपाड़ा मुख्य सड़क पर मंगलवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रेलर (संख्या BR06GH/2120) हिरणपुर से लिट्टीपाड़ा की ओर जा रहा था। इसी दौरान दराजमाठ निवासी 55 वर्षीय सलीम अंसारी बाइक से बड़पोखर में आयोजित जलसा में शामिल होने जा रहे थे। करियोडीह बड़ा पुल के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही लिट्टीपाड़ा एवं हिरणपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ भेज दिया।
थाना प्रभारी विवेक कुमार ने बताया कि ट्रेलर की चपेट में आने से सलीम अंसारी की मौत हुई है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।






