Search

March 27, 2026 2:38 am

महाअष्टमी पर गूंजा भक्तिभाव, मां महागौरी की विधिवत पूजा सम्पन्न।

अमड़ापाड़ा। प्रखंड क्षेत्र के डुमरचीर गांव स्थित पहाड़िया टोला के वैष्णवी दुर्गा माता मंदिर प्रांगण में चैत्र नवरात्र के आठवें दिन गुरुवार को महाअष्टमी के अवसर पर मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की विधिवत पूजा-अर्चना श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ सम्पन्न हुई।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाअष्टमी व्रत रखा और माता रानी के चरणों में मत्था टेककर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर “जय माता दी” के जयकारों से गूंजता रहा।
पूजा का विधिवत अनुष्ठान पुरोहित सह जजमान विजय पहाड़िया द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न कराया गया। श्रद्धालुओं ने माता को फल, फूल, मिष्ठान, बेलपत्र, इत्र और गंगाजल अर्पित किए। इसके बाद सामूहिक पुष्पांजलि कार्यक्रम में भक्तों ने श्रद्धा भाव से माता रानी को पुष्प अर्पित किए और आरती में शामिल हुए। आरती के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। पुरोहित विजय पहाड़िया ने बताया कि इस स्थान पर पूजा की परंपरा वर्ष 2001 में उनके पिता स्वर्गीय कामेश्वर पहाड़िया और माता स्वर्गीय दुली पहाड़िन द्वारा प्रारंभ की गई थी। शुरुआत में यह पूजा एक छोटी झोपड़ी में की जाती थी, जो अब एक भव्य परंपरा का रूप ले चुकी है। उन्होंने आगे बताया कि माता-पिता के निधन के बाद वे इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। विशेष बात यह है कि इस पूजा का पूरा आयोजन पहाड़िया समुदाय के लोगों द्वारा सामूहिक रूप से किया जाता है, जो उनकी गहरी आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर