Search

May 15, 2026 10:08 pm

‘प्रोजेक्ट डिवाइस’ बना भरोसे की मिसाल, पुलिस ने लौटाए गुम मोबाइल

पुलिस की तत्परता से जनता का बढ़ा विश्वास, 21 मोबाइल बरामद कर सौंपे गए मालिकों को।

पाकुड़। नव वर्ष के अवसर पर पाकुड़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “Project Device” अभियान के तहत गुमशुदा और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को लौटाने की दिशा में लगातार सफलता मिल रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 21 मोबाइल फोन बरामद कर संबंधित मोबाइल धारकों को थाना स्तर पर सुपुर्द किया गया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, नगर थाना से 8, महेशपुर थाना से 3, लिट्टीपाड़ा थाना से 1, मुफस्सिल थाना से 2, हिरणपुर थाना से 3, अमड़ापाड़ा थाना से 1 और पाकुड़िया थाना से 3 मोबाइल बरामद किए गए हैं। इससे पहले भी पुलिस द्वारा 7 जनवरी 2026 को 5 और 19 मार्च 2026 को 19 मोबाइल बरामद कर कुल 24 मोबाइल उनके धारकों को लौटाए जा चुके हैं। लगातार मिल रही इस सफलता से आम लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ा है। बरामद मोबाइलों में विभिन्न कंपनियों के स्मार्टफोन शामिल हैं, जिन्हें लंबे समय से खोया या चोरी हुआ बताया गया था। पुलिस ने तकनीकी सहायता और सतत प्रयास से इन मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि “Project Device” के तहत आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा और जिले में गुमशुदा या चोरी हुए अन्य मोबाइल फोन को बरामद कर उनके असली मालिकों तक पहुंचाया जाएगा। इस अभियान में विभिन्न थाना प्रभारी एवं पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही, जिनके संयुक्त प्रयास से यह सफलता संभव हो सकी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!