पाकुड़। स्वतंत्रता दिवस से पहले पाकुड़ नगर क्षेत्र की सभी खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कर चालू किया जाएगा। इसे लेकर नगर परिषद के उपाध्यक्ष राणा ओझा की अध्यक्षता में सोमवार को नगर परिषद कार्यालय के सभाकक्ष में बिजली मिस्त्रियों और विद्युत पर्यवेक्षकों की बैठक हुई। बैठक में वार्डवार खराब स्ट्रीट लाइटों की स्थिति की समीक्षा करते हुए जल्द मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया।
उपाध्यक्ष राणा ओझा ने कहा कि नगरवासियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना नगर परिषद की प्राथमिकता है। स्ट्रीट लाइटें शहर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए बेहद जरूरी हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि 15 अगस्त से पहले सभी खराब लाइटों को ठीक कराया जाए। जहां लाइटें पूरी तरह खराब हो चुकी हैं, वहां नई स्ट्रीट लाइट लगाई जाए।
बैठक में बिजली मिस्त्रियों ने कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों की आवश्यकता बताई। इस पर मिस्त्रियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सेफ्टी किट खरीदने का निर्णय लिया गया। बैठक में प्रधान सहायक देवाशीष बर्मन, कनीय अभियंता सुमन कुमार, वार्ड पार्षद अनिकेत गोस्वामी, विमल चंद्र राउत, राजा अंसारी और रियाज अंसारी समेत नगर परिषद के कर्मी मौजूद थे।






