विकास को रफ्तार देने की कवायद, जनप्रतिनिधि और प्रशासन एक मंच पर।
पाकुड़। नगर परिषद अध्यक्ष सबरी पाल और उपाध्यक्ष राणा ओझा ने बुधवार को उपायुक्त मनीष कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने उपायुक्त को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और नगर क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। मुलाकात में नगर परिषद क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर सार्थक बातचीत हुई। प्रतिनिधियों ने वर्तमान योजनाओं की प्रगति से अवगत कराते हुए आने वाले समय की प्राथमिकताओं और जरूरतों को भी सामने रखा। उपायुक्त मनीष कुमार ने स्पष्ट कहा कि नगर के समग्र विकास के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल बेहद जरूरी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि आम लोगों को बेहतर और सुगम सुविधाएं मिल सकें।








