पाकुड़: सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने सोमवार को पुलिस लाइन के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों के कागजात, हेलमेट, सीट बेल्ट और ड्राइविंग लाइसेंस की गहन जांच की गई। अभियान के तहत कुल 42 वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 26 वाहन चालक यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। सभी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 24,950 रुपये का जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिना हेलमेट, सीट बेल्ट और वैध कागजात के वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अचानक हुई इस कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले चालकों में हड़कंप मच गया। कई लोग जांच टीम को देखते ही रास्ता बदलते नजर आए।








