राजकुमार भगत
पाकुड़। जिले में महिलाओं की एकता, सम्मान और सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “अखिल भारतीय वीरांगना सशक्तिकरण परिषद” की तीसरी बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता परिषद की अध्यक्ष रश्मि सिंह ने की, जबकि इसकी पहल सामाजिक कार्यकर्ता मोनीता कुमारी ने की। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और जरूरतमंदों की मदद को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। परिषद की सभी पदाधिकारी और महिला सदस्य मौजूद रहीं। बैठक के दौरान मंगलवार को वृक्षारोपण करने का निर्णय लिया गया। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ समाज में जागरूकता फैलाने पर जोर दिया जाएगा। मोनीता कुमारी ने कहा कि परिषद महिलाओं के सम्मान, अधिकार और आत्मविश्वास को मजबूत करने का मंच है। उन्होंने कहा कि हर महिला को जागरूक और सक्षम बनाना संगठन का मुख्य लक्ष्य है। अध्यक्ष रश्मि सिंह ने जिले की महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल होकर इस पहल को सफल बनाएं और महिला एकता को मजबूत करें।





