अक्षय कुमार सिंह
ललपनिया। गोमिया प्रखंड अंतर्गत टी.टी.पी.एस ललपनिया स्थित बैंक ऑफ़ इंडिया के ललपनिया शाखा में गुरुवार को ग्राहकों की सुविधा हेतु आधुनिक एटीएम का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शाखा परिसर में पधारे टी.टी.पी.एस के महाप्रबंधक सह मुख्य अभियंता अनिल कुमार शर्मा का आंचलिक प्रबंधक सह विशिष्ट अतिथि अश्वनी कुमार मित्तल द्वारा पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।

शाखा परिसर में एटीएम का उद्घाटन टी.टी.पी.एस ललपनिया के महाप्रबंधक सह अभियंता प्रमुख अनिल कुमार शर्मा एवं बैंक ऑफ़ इंडिया के आंचलिक प्रबंधक सह विशिष्ट अतिथि अश्वनी कुमार मित्तल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन कार्यक्रम के उपरांत अधिकारियों ने स्थानीय ग्रामीण सहित मौके पर मौजूद गनमान्य लोगों को बताया कि यह एटीएम आज से हमारे ग्राहकों सहित क्षेत्रवासियों को समर्पित है। एटीएम के माध्यम से लोग अब दिनचर्या में होने वाले लेन-देन का कार्य सुविधापूर्वक कर पाएंगे। इससे बैंक में लगने वाले समय की भी बचत होगी।

उद्घाटन कार्यक्रम के बाद बैंक परिसर में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत लाभुकों को दो-दो लाख रुपए का भुगतान किया गया। बताते चलें कि गत वर्ष भी बैंक प्रबंधन द्वारा इस योजना के माध्यम से क्षेत्र के दो लाभुकों को सहायता प्रदान करने में अपना अहम योगदान दिया था।

वहीं गुरुवार का दिन बैंक ऑफ़ इंडिया ललपनिया शाखा के लिए सामाजिक दायित्व निर्वहन की दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण रहा। इस अवसर पर अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए बैंक प्रबंधन ने अपने अधिकारियों की मौजूदगी में कोदवाटांड़ स्थित उच्च विद्यालय के 100 विद्यार्थियों के बीच स्कूल बैग का वितरण किया।


मौके पर अश्विनी कुमार मित्तल (आंचलिक प्रबंधक बीओआई), धीरेन्द्र श्रीवास्तव (वरीय प्रबंधक- सामान्य परिचालन विभाग), शाखा प्रबंधक-हरिश सिंह संधू, प्रबंधक- जितेश कुमार तिवारी, प्रबंधक- सूजन कुमार सिंह, प्रधान रोकड़ियां – शालिनी कुमारी, रूपेश पासवान एवं अन्य सदस्य मौजूद रहे।






