Search

April 11, 2026 10:35 pm

दुर्घटना पीड़ितों को समय पर मुआवजा दिलाने पर जोर, पाकुड़ में एमएसीटी कार्यशाला आयोजित

पाकुड़। झालसा, रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ के तत्वावधान में व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में शनिवार को मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण (एमएसीटी) से संबंधित जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह प्राधिकार अध्यक्ष दिवाकर पांडे ने की। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय रजनीकांत पाठक, अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम कुमार क्रांति प्रसाद, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संजीत कुमार चंद्र, डीएसपी जितेंद्र कुमार और अनुमंडल पदाधिकारी साइमन मरांडी सहित अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। अध्यक्षीय संबोधन में दिवाकर पांडे ने कहा कि एमएसीटी मामलों में समयबद्ध कार्रवाई और संवेदनशीलता बेहद जरूरी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि दुर्घटना से जुड़ी जांच रिपोर्ट समय पर न्यायालय में प्रस्तुत करें, ताकि पीड़ितों को शीघ्र मुआवजा मिल सके और न्याय प्रक्रिया में देरी न हो।
अपर सत्र न्यायाधीश कुमार क्रांति प्रसाद ने मोटर वाहन अधिनियम, मुआवजा निर्धारण, लापरवाही की अवधारणा और जांच प्रक्रिया में पुलिस व चिकित्सकों की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। प्रधान न्यायाधीश रजनीकांत पाठक और अधिवक्ता सिद्धार्थ शंकर ने भी दावों और कानूनी प्रक्रियाओं से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव रूपा वंदना किरो ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संजीत कुमार चंद्र ने किया। कार्यशाला में न्यायिक पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी, चिकित्सक, बीमा कंपनियों के प्रतिनिधि, अधिवक्ता एवं पैरा लीगल वॉलिंटियर्स उपस्थित रहे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!