पाकुड़। अमर शहीद सिद्धो-कान्हू की जयंती पर शनिवार को सिद्धो-कान्हू पार्क में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी, आईटीडीए के परियोजना निदेशक अरुण कुमार एक्का सहित जिले के कई वरीय अधिकारियों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी और हूल विद्रोह के वीर सेनानियों को नमन किया। कार्यक्रम में अधिकारियों ने सिद्धो-कान्हू, चांद-भैरव सहित सभी स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि सिद्धो-कान्हू का संघर्ष नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा है। उनके त्याग और साहस से हमें देशभक्ति और सामाजिक न्याय की सीख मिलती है।
उन्होंने कहा कि हूल विद्रोह ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष को नई दिशा दी थी और आज हम जिस स्वतंत्रता का आनंद ले रहे हैं, वह ऐसे ही वीरों के बलिदान का परिणाम है। इधर, समाहरणालय सभागार में भी अधिकारियों और कर्मचारियों ने सिद्धो-कान्हू के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में नगर परिषद के पदाधिकारी और अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।







