Search

September 27, 2026 12:30 pm

खराब सड़कों पर भड़के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, अधिकारियों को लगाई फटकार

पाकुड़: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी मंगलवार को सड़क मार्ग से पाकुड़ पहुंचे। परिसदन में ठहरने के दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में जिले की सड़कों की बदहाल स्थिति पर गहरी नाराजगी जताई। मंत्री ने साफ कहा कि पाकुड़ की सड़कों की हालत बेहद खराब है, जिससे न सिर्फ आम लोगों को परेशानी हो रही है, बल्कि इससे सरकार की छवि भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का सही निर्वहन नहीं कर रहे हैं, जिसके कारण ऐसी स्थिति बनी हुई है। डॉ. अंसारी ने बताया कि उन्होंने रोड डिवीजन के सभी अधिकारियों को परिसदन में तलब किया है, जहां उनकी जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क की स्थिति को लेकर संबंधित अधिकारियों से सीधे बात कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने यह भी कहा कि प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध होने के बावजूद पाकुड़ जिले की यह स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने इसे “विचारणीय” बताते हुए कहा कि जिला विकास के मामले में पिछड़ा हुआ नजर आ रहा है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय विधायक और विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे जिले की वास्तविक स्थिति से सरकार को अवगत नहीं कराते हैं।
गौरतलब है कि डॉ. इरफान अंसारी को इसी दिन पश्चिम बंगाल में आयोजित राहुल गांधी की सभा में भी शामिल होना है, जिसके चलते उनका कार्यक्रम व्यस्त रहा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!