Search

April 15, 2026 3:53 am

रंगदारी नहीं दी तो बरसाई लाठियां, आंख फोड़ी और 15 हजार लूटे

बार के बाहर देर रात हमला, चार नामजद आरोपी पर केस दर्ज।

पाकुड़: नगर थाना क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी स्थित ‘रूपेश बार’ के पास रविवार रात करीब 10:40 बजे रंगदारी को लेकर हिंसक वारदात सामने आई। 10 हजार रुपये नहीं देने पर अपराधियों ने दो युवकों की बेरहमी से पिटाई कर दी, नकदी लूट ली और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने इस मामले में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मनिरामपुर निवासी 29 वर्षीय आनिकुल शेख ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने पांच दोस्तों के साथ पार्टी कर लौट रहा था। इसी दौरान नया बल्लभपुर निवासी राईसुद्दीन शेख, हाबिल शेख, काबिल शेख और बेलपोखर निवासी मिठु शेख ने उन्हें घेर लिया और 10 हजार रुपये की मांग की। इंकार करने पर आरोपियों ने बार का गेट बंद कर हमला शुरू कर दिया। आरोप है कि राईसुद्दीन शेख ने लोहे के पंझानुमा हथियार से आनिकुल की दाहिनी आंख पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बचाने आए उसके दोस्त सौकत अली पर हाबिल शेख ने बांस के डंडे से हमला किया, जिससे उसका दाहिना हाथ टूट गया। पीड़ितों के अनुसार, हमलावरों ने आनिकुल की जेब से 5 हजार रुपये और उसके दोस्त से 10 हजार रुपये जबरन छीन लिए। घटना के दौरान आरोपियों ने फोन कर अपने अन्य साथियों को बम और पिस्टल के साथ बुलाने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ितों ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल सोनाजोरी भेजा। नगर थाना पुलिस ने इस मामले में कांड संख्या 115(2) और 126(2) के तहत चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!