पाकुड़: जिले में शिक्षा से वंचित बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए “प्रोजेक्ट परख 2.0” के तहत ‘स्कूल रूआर 2026’ अभियान की शुरुआत कर दी गई है। बुधवार को समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को सांसद विजय कुमार हांसदा, विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी, उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न गांवों में जाकर अभिभावकों को अभियान की जानकारी देगा और बच्चों के नामांकन के प्रति जागरूक करेगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य ड्रॉपआउट और अनामांकित बच्चों की पहचान कर उन्हें पुनः विद्यालय से जोड़ना है।
इस मौके पर उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने आसपास के ऐसे बच्चों को स्कूल भेजने में सहयोग करें, जो अभी तक शिक्षा से दूर हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और सभी को समान रूप से शिक्षा का अवसर मिल सके।





